महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण, युवाओं को देशहित में कार्य करने का संदेश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धारीवाला में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। ग्राम धारीवाला में स्थापित यह प्रतिमा पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के सौजन्य से लगाई गई है। समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी अन्याय और विदेशी शक्तियों के सामने समझौता नहीं किया। उन्होंने अपने स्वाभिमान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। ऐसे महापुरुषों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देश में लोकतंत्र और जनता का शासन कायम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शूरवीर योद्धाओं के जीवन से प्रेरणा लेकर देशहित में कार्य करना चाहिए। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मारक नहीं होतीं, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहे। इस अवसर पर चौहान राजपूत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलवंत सिंह चौहान, चौहान क्षेत्रीय कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर जयपाल सिंह, महामंत्री रविंद्र चौहान, चेयरमैन साधुराम चौहान, विजय चौहान, महंत राममुनि, राज्यमंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सुनील सैनी, नेत्रपाल सिंह चौहान, ग्राम प्रधान शिवानी चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।









