हरिद्वार

मिल्टन कंपनी में वेतन वृद्धि को लेकर मजदूरों की हड़ताल, उत्पादन कार्य प्रभावित

श्रमिकों ने लगाया अनदेखी का आरोप, प्रबंधन के खिलाफ की नारेबाजी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार क्षेत्र स्थित मिल्टन कंपनी में शनिवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों ने अचानक हड़ताल कर दी। बड़ी संख्या में श्रमिक कंपनी परिसर के बाहर एकत्र हुए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल के चलते कंपनी का उत्पादन कार्य भी प्रभावित रहा। मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रबंधन उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज करता आ रहा है। बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान वेतन में परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। श्रमिकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल की सूचना मिलने पर कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच वार्ता का प्रयास किया गया। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन वृद्धि की घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button