हरिद्वार

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर प्रशिक्षण आयोजित, BLO एवं BLA को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के अंतर्गत 25-हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) का प्रशिक्षण कार्यक्रम बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने की। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों को त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा मतदाता विवरण में त्रुटि सुधार संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता के लिए अत्यंत आवश्यक है। मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया की विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्मिक समयबद्ध तरीके से अपने कार्य पूर्ण करें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा निर्धारित प्रपत्रों एवं समन्वय व्यवस्था के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार नरेश कुमार हल्दियानी, संतोष रावत, प्रकाश चंद देवराणी तथा तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए निर्वाचन कार्यों को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपादित करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button