तीन नई मॉडर्न पुलिस चौकियों का उद्घाटन, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को लक्सर बाजार, रायसी और झबरेड़ा क्षेत्र की लखनौता पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवनों का फीता काटकर उद्घाटन किया।

अब तक ये तीनों पुलिस चौकियां अस्थायी और जर्जर भवनों में संचालित हो रही थीं, जिससे पुलिस कार्यों में कई तरह की व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के तहत इन चौकियों के आधुनिक भवनों का निर्माण कराया गया है। पेयजल विभाग द्वारा लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से इन भवनों का निर्माण किया गया है।

नए भवनों के शुरू होने के साथ ही तीनों चौकियों में पुलिसकर्मियों ने आधुनिक संसाधनों के साथ कार्यभार संभाल लिया है। इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आम जनता को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन अवसर पर एसपी देहात, लक्सर, रुड़की एवं भगवानपुर के क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस चौकियां पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को बेहतर सुरक्षा और त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनपद में पुलिस आधारभूत संरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।









