ऑपरेशन प्रहार: रानीपुर कोतवाली पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग, 25 चोरी की बाइक बरामद
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिजनौर निवासी दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 25 चोरी की मोटरसाइकिलें और भारी मात्रा में वाहन पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपियों ने दादूपुर गोविंदपुर के एक खंडहर को चोरी की बाइकों का ठिकाना बना रखा था। वहीं रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पहले भी बाइक चोरी के खुलासे हो चुके है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि रानीपुर क्षेत्र में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से भव्य उर्फ भोला और सुधीर कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर समेत कई क्षेत्रों से बाइक चोरी कर बेचने तथा न बिकने पर उनके पार्ट्स निकालकर बेचने की बात कबूल की बरामद बाइकों में हरिद्वार के रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल, मंगलौर और उत्तर प्रदेश के बिजनौर से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों की भी जांच कर रही है। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार के तहत वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।









