हरिद्वार

सड़कों को दुरुस्त करने की तेज़ मुहिम, दिन-रात चल रहा सीवरेज मरम्मत कार्य

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के बाद खोदी गई सड़कों को तेजी से दुरुस्त करने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद उत्तराखंड पेयजल निगम और लोक निर्माण विभाग द्वारा दिन-रात निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। विगत दिवस जिलाधिकारी ने भारत माता मंदिर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तय समयसीमा में पूरी की जाए। उन्होंने विशेष रूप से भारत माता मंदिर रोड क्षेत्र में खोदी गई सड़क को पांच दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र में निर्माण कार्य के कारण आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनके निर्देशों के अनुपालन में संबंधित विभागों ने कार्यों में तेजी लाते हुए एक ही दिन में 575.8 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण किया। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से जारी है। पैकेज-01 के अंतर्गत सूरजपुर कॉलोनी, शांति मार्ग और इंडस्ट्रियल एरिया में कुल 256.8 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 में द्वारिका विहार, महेंद्र विहार, रतन वाटिका, अजितेश विहार, गणपतिधाम फेस-2 एवं फेस-3, त्रिलोक नगर और राज विहार क्षेत्रों में कुल 319 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा शेष सड़कों की मरम्मत भी त्वरित गति से पूरी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button