ज्वालापुर पुलिस की संवेदनशील पहल: 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को परिजनों से मिलाकर लौटाई मुस्कान
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हरिद्वार पुलिस ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर उनके चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी। कई दिनों की मेहनत और लगातार प्रयासों के बाद ज्वालापुर पुलिस ने महिला की पहचान कर उसके परिवार तक पहुंच बनाई और सुरक्षित रूप से उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को सूचना मिली कि लगभग 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला दुर्गा चौक के पास अकेली बैठी हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। महिला ने अपना नाम सोमी पत्नी अतर सिंह बताया, लेकिन वह अपना पता बताने में असमर्थ थी। महिला कांस्टेबल की सहायता से बुजुर्ग महिला को कोतवाली ज्वालापुर लाया गया, जहां उसकी पहचान और परिजनों की तलाश के लिए गहन पूछताछ की गई। साथ ही कंट्रोल रूम, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य माध्यमों से भी महिला के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्काल कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखे। 14 जून 2026 को अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा ने दोबारा विस्तार से पूछताछ की, जिसके दौरान महिला ने अपने मायके का पता वजीरपुर, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल थाना गंगोह से संपर्क किया और ग्राम प्रधान वजीरपुर का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। ग्राम प्रधान से बातचीत के बाद महिला के भतीजे का संपर्क नंबर मिला। जब पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि महिला घर से अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकली थीं और उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वह हरिद्वार पहुंच गई हैं। संपूर्ण सत्यापन के बाद ज्वालापुर पुलिस ने बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा, महिला कांस्टेबल सुल्ताना तथा महिला होमगार्ड सायरा बानो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हरिद्वार पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।









