हरिद्वार

भगवानपुर में सेवा पखवाड़ा शिविर व तहसील दिवस आयोजित, 1435 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भगवानपुर विकासखंड सभागार में सेवा पखवाड़ा शिविर एवं तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर में क्षेत्र के 1435 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 16 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। तहसील दिवस में भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, पेयजल, शिक्षा, सिंचाई और जल निकासी जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने संपत्ति अभिलेखों में संशोधन, चकमार्गों से अतिक्रमण हटाने, विद्युत लाइन एवं ट्रांसफार्मर के स्थानांतरण, लंबित जांच पूरी कराने, बकाया वेतन भुगतान तथा चकबंदी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण सहित कई मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना और पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। राज्य मंत्री एवं सेवा पखवाड़ा प्रभारी सुनील सैनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने लोगों से आगामी 18 जुलाई को आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है, जो प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। शिविर में स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पेयजल, आयुष, शिक्षा, श्रम और उद्योग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार एवं कौशल विकास जैसी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता सुशील त्यागी, लोकसभा संयोजक देवी सिंह राणा, उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुभाष शर्मा, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी, तहसीलदार भगवानपुर दयाराम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button