ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में बीएचईएल की बड़ी पहल
एल्कलाइन इलेक्ट्रोलाइज़र निर्माण के लिए थाइसनक्रुप न्यूसेरा इंडिया से रणनीतिक समझौता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने देश में ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए थाइसनक्रुप न्यूसेरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ रणनीतिक समझौता किया है। इस समझौते के तहत भारत में ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के लिए एल्कलाइन इलेक्ट्रोलाइज़र प्रणाली का चरणबद्ध स्वदेशीकरण और स्थानीय स्तर पर विनिर्माण किया जाएगा। इस सहयोग से बीएचईएल की ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की क्षमता और मजबूत होगी, जिससे देश में स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी नई मजबूती मिलेगी। समझौते पर बीएचईएल की ओर से कार्यपालक निदेशक (हेवी पावर इक्विपमेंट प्लांट) वाई. श्रीनिवास राव तथा महाप्रबंधक एवं प्रमुख (न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी बिज़नेस) सुतृप्तो डे ने हस्ताक्षर किए। वहीं थाइसनक्रुप न्यूसेरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सीईओ किरण जोसेफ और निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट एवं सेल्स) मनीष भोसले ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर भारत एवं भूटान में जर्मनी के राजदूत डॉ. फिलिप एकरमन, बीएचईएल की निदेशक (औद्योगिक प्रणाली एवं उत्पाद) बानी वर्मा, निदेशक (इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास) एस. एम. रामनाथन सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बीएचईएल देश की अग्रणी इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण कंपनियों में शामिल है। कंपनी को विद्युत उत्पादन, ट्रांसमिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस, परिवहन, रक्षा तथा एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों में दशकों का अनुभव प्राप्त है। भारत के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली बीएचईएल अब ग्रीन हाइड्रोजन सहित स्वच्छ ऊर्जा के उभरते क्षेत्रों में भी अपनी इंजीनियरिंग, विनिर्माण और परियोजना निष्पादन क्षमता का विस्तार कर रही है। यह रणनीतिक समझौता भारत सरकार के ‘राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन’ तथा ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं में स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा मिलेगा, आयात पर निर्भरता घटेगी और भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति और मजबूत कर सकेगा।









