
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने हरिद्वार के अपर रोड क्षेत्र में ई-रिक्शाओं के विरुद्ध विशेष सत्यापन अभियान चलाया है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे ई-रिक्शाओं की सघन जांच की गई। यह अभियान एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा एवं एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया है। जांच के दौरान कई ई-रिक्शा बिना निर्धारित क्यूआर कोड स्टिकर तथा आवश्यक दस्तावेजों के संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 12 ई-रिक्शाओं को सीज किया है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की ओर से सभी ई-रिक्शा संचालकों से अपील की गई है कि वह अपने वाहनों पर निर्धारित क्यूआर कोड स्टिकर लगाएं तथा सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें, अन्यथा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।









