पिरान कलियर

बोर्ड बैठक में जनसमस्याओं और विकास योजनाओं पर मंथन

27 करोड़ का बजट पास, आवास योजना भुगतान, सड़क, सफाई और जल निकासी के मुद्दे पर हुई चर्चा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। नगर पंचायत अध्यक्ष समीना की अध्यक्षता में गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित बोर्ड बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए करीब 27 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेयजल, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से दो छोटे हाथी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वहीं “एक साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत सभासदों को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया।

बोर्ड बैठक में सबसे अधिक चर्चा प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों और गरीब परिवारों की परेशानियों को लेकर हुई। वार्ड नंबर 03 के सभासद नाज़िम त्यागी ने कहा कि फरवरी 2025 में बोर्ड गठन होने के बावजूद कई पात्र लाभार्थियों को अब तक योजना की किस्त जारी नहीं हो सकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और तकनीकी खामियों के कारण गरीब परिवारों का हक अटका हुआ है। सभासद ने बताया कि कई लोगों ने पुराने कच्चे मकान तोड़कर नए निर्माण शुरू कर दिए थे और कर्ज लेकर काम कराया, लेकिन भुगतान न मिलने से निर्माण अधूरा रह गया। उन्होंने कहा कि कई परिवार तिरपाल और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं तथा बरसात के मौसम में उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं।

बैठक में सभासदों ने सड़कों और नालों की खराब स्थिति, जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। सभासद नाज़िम त्यागी ने स्टील गर्डर पुल के पास कांवड़ पटरी मार्ग के गलत ढलान और टूटी सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह हादसों को न्योता दे रही हैं। उन्होंने गेहूं अली शाह मार्ग तक सड़क मरम्मत और ढलान सुधार कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा वार्डों में इंटरलॉकिंग और आरसीसी सड़क निर्माण, मुख्य नालियों की मरम्मत, नए चेंबर और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के प्रस्ताव भी रखे गए ताकि बरसात में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

बोर्ड बैठक में वार्डों के आंतरिक क्षेत्रों में 50 नई स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही खराब पड़े हैंडपंपों को रिबोर कर पेयजल सुविधा दुरुस्त करने की मांग भी की गई। सभासदों ने तालाबों में भरे पानी को भी खतरा बताते हुए स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग रखी।

बैठक में विधायक हाजी फुरकान अहमद, सभासद अमजद अली, दिलबाग, मोहम्मद राशिद रहीस, रेशमा प्रवीण, मेहरुबा जावेद, जाबिर, दानिश सिद्दीकी और जीनत खातून समेत अन्य सदस्यों ने विकास कार्यों से जुड़े कई प्रस्ताव रखे। अध्यक्ष समीना ने बताया कि सभी सभासदों के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है। बैठक में पीपल चौक से दरगाह जाने वाले मार्ग का नाम बदलकर “साबरी मेन बाजार” तथा शैतान चौक का नाम “साबरी चौक” रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

इसके अलावा वीआईपी रोड के सौंदर्यीकरण, जायरीनों के मार्गों पर नई लाइटें लगाने, रुड़की रोड को 60 दिन में शौचमुक्त बनाने, सोहलपुर रोड के चौड़ीकरण, दोनों गंगनहरों के बीच वेंडिंग जोन बनाने और नियाज तैयार करने वालों के लिए राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थान चिन्हित करने के प्रस्ताव भी मंजूर किए गए।

ईओ कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से बजट पारित किया गया है। विधायक हाजी फुरकान अहमद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द धनराशि जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान ईओ कुलदीप सिंह चौहान, चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद, सत्तार अली, अमीर आजम, जावेद साबरी, डॉ. शहजाद अली, रहीस अहमद, गुलफाम साबरी, राशिद अली, अहसान कुरैशी, गौरव और रजिया समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button