भारत को ओलंपिक की मेजबानी और खेल महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ खेल मंत्री रेखा आर्य ने शुरू की कांवड़ यात्रा
22 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर वीरभद्र मंदिर में करेंगी जलाभिषेक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। खेल मंत्री रेखा आर्य ने 2036 में भारत को ओलंपिक की मेजबानी करने का मौका मिले इस कामना के साथ हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। खेल मंत्री रेखा आर्य 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर पहुंचकर महादेव शिव का रूद्राभिषेक करेंगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज और महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी महाराज, महेश पुरी महाराज समेत कई संत मौजूद रहे और मंत्री रेखा आर्य को मंगलमलय यात्रा का आशीर्वाद दिया। हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन कर कांवड़ यात्रा शुरू करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्य ने देश प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। खेल मंत्री ने कहा कि उनके दो महत्वपूर्ण संकल्प हैं, जिनमें पहला संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की सफल मेजबानी भारत को मिले और उसका सफल आयोजन हो। दूसरा संकल्प भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करना। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से उनके दोनों संकल्प अवश्य पूरे होंगे। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान शिव की कृपा से खेल मंत्री रेखा आर्य के दोनों संकल्प पूर्ण होंगे और भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। गौरतलब है कि खेल मंत्री रेखा आर्य ने पिछले वर्ष भी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संकल्प के साथ हरिद्वार से वीरभद्र मंदिर तक कांवड़ यात्रा की थी। इस बार उन्होंने 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी और भारत को खेल महाशक्ति बनाने के दो संकल्प लिए हैं। इस संकल्प में उनके पति भी साथ हैं और पैदल कांवड़ यात्रा लेकर निकले हैं।









