हरिद्वार

परिवहन विभाग का ई-रिक्शा सत्यापन अभियान जारी, 25 वाहन सीज

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा ई-रिक्शा सत्यापन एवं विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को शिव मूर्ति चौक से ललतारो पुल के मध्य व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान परिवहन कर अधिकारी गोवर्धनपुर मुकेश भारती तथा परिवहन कर अधिकारी चिड़ियापुर मनीषा शाह भी मौजूद रहे। अधिकारियों द्वारा ई-रिक्शाओं के दस्तावेजों एवं सत्यापन संबंधी अभिलेखों की गहन जांच की गई। चेकिंग अभियान के दौरान ई-रिक्शाओं के पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस, चालक लाइसेंस तथा विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड स्टिकर की विशेष रूप से जांच की गई। जांच में अनियमित पाए गए कुल 25 ई-रिक्शाओं को सीज करते हुए संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों का समय से सत्यापन कराएं तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। परिवहन विभाग ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button