हरिद्वार में खुला उत्तराखंड का पहला ‘हिलांस’ रिटेल आउटलेट: महिलाओं के सपनों को मिली नई ऊंचाई
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। उत्तराखंड में स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई उड़ान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल हुई है। हरिद्वार में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सहयोग से प्रदेश का पहला हिलांस रिटेल आउटलेट स्थापित किया गया है। यह केवल राज्य का पहला हिलांस आउटलेट नहीं, बल्कि उत्तराखंड की महिलाओं की मेहनत, हुनर और उद्यमिता को पहचान दिलाने वाला एक सशक्त मंच है।
यह उपलब्धि ऐसे समय में सामने आई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” अभियान ने स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने का राष्ट्रीय वातावरण तैयार किया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश रहा है कि स्थानीय उत्पादों को अपनाना केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का जन आंदोलन है। उत्तराखंड सरकार ने इस सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को विकास का प्रमुख आधार बनाया है। राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और अधिक से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।
हरिद्वार में स्थापित हिलांस रिटेल आउटलेट इस सोच का साकार रूप है। यहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्तुएं और अन्य उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। इससे महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए स्थायी और भरोसेमंद बाजार मिलेगा, वहीं उपभोक्ताओं को उत्तराखंड की स्थानीय पहचान से जुड़े गुणवत्तापूर्ण उत्पाद सहजता से उपलब्ध हो सकेंगे।
अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए अनेक उत्कृष्ट उत्पाद सीमित बाजार तक ही पहुंच पाते थे। विपणन व्यवस्था के अभाव में उनकी मेहनत का पूरा मूल्य नहीं मिल पाता था। हिलांस रिटेल आउटलेट इस चुनौती का समाधान प्रस्तुत करता है। यह महिलाओं और बाजार के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा तथा उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मानना है कि महिला सशक्तीकरण का सबसे प्रभावी माध्यम आर्थिक आत्मनिर्भरता है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन जैसी सुविधाओं से जोड़ रही है। ‘लखपति दीदी’ अभियान इसी व्यापक सोच का हिस्सा है, जिसके माध्यम से हजारों महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें सफल उद्यमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हरिद्वार धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विश्व प्रसिद्ध नगरी है। वर्षभर यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में इस शहर में राज्य के पहले हिलांस रिटेल आउटलेट की स्थापना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यहां आने वाले श्रद्धालु स्थानीय उत्पादों को खरीदेंगे तो उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय उद्यमों को भी नई पहचान मिलेगी। इससे महिलाओं की आय बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
इस पहल की एक और बड़ी विशेषता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का सहयोग है। देशभर में फैले उसके व्यापक नेटवर्क के माध्यम से भविष्य में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को और अधिक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में संभावनाएं विकसित होंगी। इससे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होगा।
हिलांस रिटेल आउटलेट केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का माध्यम भी है। जब महिलाओं के उत्पादों को सम्मानजनक बाजार मिलता है तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, परिवार की आय में वृद्धि होती है और गांव की अर्थव्यवस्था सशक्त होती है। यही वह परिवर्तन है जिसकी परिकल्पना प्रधानमंत्री के “वोकल फॉर लोकल” अभियान और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के महिला सशक्तीकरण के विजन में दिखाई देती है।
हरिद्वार से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जनपदों के लिए भी एक प्रेरक मॉडल बनेगी। यदि इसी प्रकार हिलांस रिटेल आउटलेट का विस्तार किया जाता है तो उत्तराखंड के हजारों स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्थायी बाजार मिलेगा, स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और ‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य और अधिक गति से साकार होगा। उत्तराखंड का पहला हिलांस रिटेल आउटलेट इसी परिवर्तनकारी यात्रा का सशक्त प्रारंभ है।
हरिद्वार में स्थापित रिलायंस रिटेल आउटलेट का उद्घाटन करते हुए रीप की राज्य परियोजना निदेशक झरना कामठान ने कहा की महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में यह एक मील का पत्थर है। राज्य सरकार के प्रतिबद्ध प्रयासों के चलते महिलाओं के समग्र उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही है उन्होंने इन योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन करने और पात्र लोगों से इनका संक्षिप्त लाभ उठाने की अपेक्षा की।
रिटेल आउटलेट का उद्घाटन के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि महिला समाज की दूरी है और उनके उत्थान के बगैर इस समाज का उत्थान संभव नहीं है राज्य सरकार के दिन प्रयासों से न सिर्फ महिलाओं का कल्याण और उत्थान होगा बल्कि समाज का कल्याण सुनिश्चित है। इस अवसर पर रीप के जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना ने बताया की रिलायंस के इस रिटेल आउटलेट का संचालन श्रद्धा सीएलएफ द्वारा किया जाएगा।









