चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने में जुटी यातायात पुलिस, एसएसपी के निर्देश पर सघन चेकिंग अभियान जारी
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए, यातायात सीओ बिपेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में विभिन्न स्थानों पर यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान और बड़ी कार्रवाई की जा रही है। वहीं हरिद्वार यातायात प्रभारी संदीप नेगी के नेतृत्व में हरिद्वार यातायात पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों पर उतरकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर रही है। अभियान के दौरान बिना नियमों का पालन किए वाहन चलाने वाले चालकों, ओवरलोडिंग, लापरवाही से वाहन संचालन तथा वाहनों में ब्लैक फिल्म का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में चालान किए गए है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा यह कार्रवाई चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है। इसके साथ ही यातायात पुलिस आमजन और यात्रियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व की जानकारी भी दे रही है। पुलिसकर्मियों द्वारा यात्रियों को संयमित एवं सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि आपको परेशान करना हमारा उद्देश्य नहीं है, कृपया यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
वहीं इस बाबत पर यातायात पुलिस अधीक्षक निशा यादव ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान पुलिस का यह अभियान श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को बक्शा नहीं जाएगा।









