SDRF उत्तराखंड की कड़ी मशक्कत रंग लाई, मोहम्मदनगर झाल से मिला IIT छात्र का शव
इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी


हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) हरिद्वार। जनपद के नगर निगम घाट, रुड़की पर गंगा नदी में डूबे एक IIT छात्र का शव आखिरकार छह दिन बाद बरामद कर लिया गया। लगातार चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार को SDRF उत्तराखंड की टीम ने शव को मुहम्मदनगर झाल क्षेत्र से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को रुड़की स्थित गंगा तट पर छात्र के डूबने की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया था। तेज बहाव और गहराई के कारण खोज अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा।
16 फरवरी को SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर सर्च ऑपरेशन में तेजी लाने और समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। टीमों ने सोनार सिस्टम, अंडरवाटर ड्रोन और डीप डाइविंग तकनीक की मदद से गंगा नदी के गहरे और तेज प्रवाह वाले हिस्सों में व्यापक तलाश की।
लगातार प्रयासों के बाद 17 फरवरी को छात्र का शव मोहम्मदनगर झाल क्षेत्र से बरामद किया गया। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जिला पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन ने नदी किनारे सतर्कता बरतने की अपील की है।









