हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में ‘मुन्ना भाई’ गैंग बेनकाब, महिलाओं सहित 7 आरोपी गिरफ्तार
प्रवेश पत्र पर फर्जी फोटो लगाकर परीक्षा देने पहुंचा गैंग, पुलिस ने पहुंचा दिया जेल

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। बोर्ड परीक्षा की शुचिता को चुनौती देने वाले “मुन्ना भाई” गैंग का भंडाफोड़ करते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने चार महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामला हरिद्वार स्थित राजकीय इण्टर कालेज सलेमपुर का है, जहां 24 फरवरी को हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा आयोजित थी। परीक्षा के दौरान जांच में खुलासा हुआ कि कुछ अभ्यर्थियों ने मूल परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों पर अपने फोटो चस्पा कर परीक्षा देनी शुरू कर दी थी। संदेह होने पर विद्यालय प्रशासन ने सत्यापन कराया तो फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हो गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया। रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद सातों आरोपियों गुलफाम (21), कृष्ण पाल (24), कैफ (19), सलमा (22), सुहानी (18), प्राची (18) और भावना (25) को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए गए हैं। वहीं रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी जारी है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।









