35 कर्मियों को ‘मैन/वुमन ऑफ द मंथ’ सम्मान
प्रभारियों को कर्मचारियों की वास्तविक दिक्कतें सामने लाने के निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद नवनीत सिंह ने पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित सम्मेलन कक्ष में जनपद का पहला सैनिक सम्मेलन आयोजित किया।

सम्मेलन में विभिन्न थानों और इकाइयों से पहुंचे पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं, लेकिन केवल दो समस्याएं सामने आने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरे जिले में सिर्फ दो सिपाहियों की समस्या सामने आना जमीनी हकीकत से परे है।

एसएसपी ने सभी थाना व इकाई प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनपद स्तरीय सैनिक सम्मेलन से पूर्व अपने-अपने कार्यालयों और थानों में कर्मचारियों की गोष्ठी अनिवार्य रूप से आयोजित करें।

कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी लेकर गंभीर मामलों से जूझ रहे कार्मिकों को स्वयं सम्मेलन में साथ लाएं, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की मजबूती कर्मचारियों के मनोबल और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण से जुड़ी है।

सम्मेलन के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 35 कर्मियों को “मैन ऑफ द मंथ” और “वुमन ऑफ द मंथ” के सम्मान से नवाजा गया। इनमें 29 पुरुष पुलिस कर्मी, एक पुरुष होमगार्ड, चार महिला पुलिस कर्मी और एक महिला पीआरडी शामिल रहीं। सभी सम्मानित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सराहना की गई और संयुक्त फोटोग्राफ भी खिंचवाई गई।

जनवरी 2026 के लिए चयनित कार्मिकों में कोतवाली नगर, कनखल, श्यामपुर, ज्वालापुर, बहादराबाद, रानीपुर, सिड़कुल, रुड़की, गंगनहर, कलियर, पथरी, लक्सर, खानपुर, भगवानपुर, मंगलौर, झबरेड़ा, बुग्गावाला सहित विभिन्न थानों तथा सीआईयू, एएनटीएफ, पुलिस दूरसंचार, फायर स्टेशन, आईआरबी, अभियोजन कार्यालय, सीपीयू और स्थानीय अभिसूचना इकाई के कार्मिक शामिल रहे।

सम्मेलन के माध्यम से एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पारदर्शिता और संवाद की संस्कृति को मजबूत किया जाएगा, जिससे पुलिस कर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो और जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।









