हरिद्वार

ज्वालापुर पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय वाहन चोरी गैंग का भंडाफोड़, 10 दोपहिया बरामद

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार इमलीखेड़ा थाना पिरान कलियर निवासी शुभम कुमार ने 5 मार्च 2026 को कोतवाली ज्वालापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल हीरो HF डीलक्स (UK17L-8320) को 4 मार्च की रात ऊंचा पुल स्थित महाराजा फर्नीचर के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश में लगातार चेकिंग अभियान चलाया। 9 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान नहर पटरी रेगुलेटर पुल के पास पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी करने की बात कबूल कर ली।
इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पुरानी कांवड़ पटरी के पास एक खंडहर से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें और 2 स्कूटी बरामद कीं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये वाहन हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न इलाकों से चोरी किए थे और नहर पटरी के पास खंडहर में छिपाकर रखते थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं, लेकिन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में काफी माहिर हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मोसिन राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है। बरामद वाहनों में कई वाहन देहरादून के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि हरिद्वार में चोरी कर बच पाना अब आसान नहीं है।

Related Articles

Back to top button