हरिद्वार

चेकिंग में पथरी पुलिस की बड़ी कामयाबी, चोरी की बाइक व अवैध तमंचों संग दो गिरफ्तार

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध असलाह बरामद किया है। साथ ही पूछताछ में दोनों के बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में होने का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 20 मार्च की रात थाना पथरी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बादशाहपुर के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से अलग-अलग बोर के दो देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

मोटरसाइकिल के कागजातों की जांच करने पर पता चला कि उक्त वाहन हरियाणा के यमुनानगर जनपद से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। वहीं इस बाबत पर पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25 वर्ष) निवासी भट्टीपुर, थाना पथरी और अभिषेक (23 वर्ष) निवासी मुंडाखेड़ा कला, थाना लक्सर के रूप में हुई है।

पुलिस टीम में चौकी फेरुपुर प्रभारी उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल मुकेश चौहान, दीपक चौधरी और जयपाल चौहान शामिल रहे, जिनकी तत्परता से यह सफलता संभव हो सकी।

Related Articles

Back to top button