प्रमोशन के नाम पर वसूली का खेल बेनकाब, डीपीओ कार्यालय तक पहुंची जांच
इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत देहरादून विजिलेंस टीम ने रुड़की में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल विकास अधिकारी कार्यालय, रुड़की ग्रामीण द्वितीय में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
सतर्कता विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 6/2026 के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि सुपरवाइजर द्वारा एक आंगनबाड़ी सहायिका से प्रमोशन कराने के एवज में 50,000 रुपये की मांग की गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि रिश्वत की यही रकम आरोपी के लिए सबूत बन गई। जांच के दौरान विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के अधिकारी धर्मवीर सिंह का नाम भी सामने आया है। उनकी भूमिका को लेकर सतर्कता विभाग जांच में जुटा है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। इस प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।









