एसएसपी नवनीत सिंह ने सड़क सुरक्षा का दिया संदेश, बिना हेलमेट चालकों को पहनाए हेलमेट
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में नेशनल हाईवे स्थित शंकराचार्य चौक पर विशेष अभियान चलाया गया है। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें हेलमेट पहनाकर भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न केवल कानूनी बाध्यता है, बल्कि यह जीवन सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन भी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन में हरिद्वार पुलिस द्वारा जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का भी नियमानुसार विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि तेज आवाज वाले रेट्रो साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न आमजन के लिए परेशानी का कारण बनते हैं और इनके खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय से यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए आवंटित 7 मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। इन मोटरसाइकिलों की मदद से पुलिस टीम किसी भी सूचना पर तेजी से मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई कर सकेगी। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। इस अवसर पर एसपी यातायात एवं क्राइम निशा यादव, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, यातायात प्रभारी संदीप नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार, एसएचओ कनखल देवेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।









