हूटर-ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों पर हरिद्वार यातायात पुलिस का शिकंजा, तेज किया अभियान
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वहीं जानकारी के अनुसार यातायात निरीक्षण संदीप नेगी के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में हरिलोक तिराहा पर उप निरीक्षक पंकज जोशी यातायात द्वारा टीम के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। अभियान के दौरान वाहनों में लगी अवैध ब्लैक फिल्म, अनाधिकृत हूटर और अन्य गैरकानूनी मॉडिफिकेशन की जांच की गई। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कई वाहनों से मौके पर ही ब्लैक फिल्म और अनाधिकृत हूटर हटवाए गए। वहीं इस बाबत पर यातायात सीओ बिपेंद्र सिंह ने बताया कि ब्लैक फिल्म और अनाधिकृत हूटर न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। ऐसे उपकरणों का प्रयोग आम नागरिकों में भ्रम और असुविधा उत्पन्न करता है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। वहीं उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें और वाहनों में किसी भी प्रकार की अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। वहीं जनपद में चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।









