लोक समस्या निवारण कैंप में गूंजी जनता की आवाज, फरजाना बेगम ने अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। नगर पालिका परिषद मंगलौर के पुराने भवन में शुक्रवार को आयोजित लोक समस्या निवारण कैंप में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कैंप के दौरान पेंशन, राशन कार्ड, तालाब पर अतिक्रमण सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी करीब 10 शिकायतें प्राप्त हुई। फरजाना बेगम ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कैंप के दौरान तीन विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में समय पर उपस्थित रहने तथा आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रवैया अपनाने की हिदायत दी। इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मोहियुद्दीन अंसारी, अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी, अंकित रमोला, पहल सिंह, अनीता, महेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कैंप में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।









