हरिद्वार

रसूलपुर में आयोजित बाबा साहेब अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखण्ड सरकार में समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) एवं पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने ग्राम रसूलपुर स्थित बारात घर में आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में प्रतिभाग कर ग्रामीणों एवं लाभार्थियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे कर्णवाल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) से संबंधित विषयों को प्रमुखता से सुना तथा अधिकारियों के साथ इस संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुंचाना है। सरकार जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर गंभीरता से कार्य कर रही है और ऐसे शिविरों के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही किया जा रहा है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए हैं। कर्णवाल ने कहा कि बाबा साहेब ने 26 जनवरी 1950 को स्पष्ट किया था कि लोकतंत्र में जन्म नहीं, बल्कि जनता का विश्वास और मताधिकार सर्वोपरि होता है। एक साधारण परिवार का व्यक्ति भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित एसआईआर की प्रक्रिया लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। यह अभियान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के अंत में कर्णवाल ने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button