हरिद्वार

सरकारी जमीन पर कब्जों के खिलाफ सख्ती, कांवड़-कुंभ से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, चला अतिक्रमण पर पिला पंजा

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को प्रशासन ने रेलवे भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (आंबेडकर चौक) के निकट रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई लगभग 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया गया। रेलवे प्रशासन के अनुरोध पर जिला प्रशासन, रेलवे विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाते हुए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था, जिसे हटाने के लिए रेलवे प्रशासन ने जिला प्रशासन से सहयोग मांगा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई और अतिक्रमण को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेला और भविष्य में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सार्वजनिक स्थलों, सड़क किनारों, फुटपाथों और सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जनपदभर में अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, पटवारी रविकांत सहित रेलवे, प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button