Video: युवती की बरामदगी को लेकर गोवर्धनपुर चौकी पर ग्रामीणों का हंगामा
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। खानपुर थाना क्षेत्र की गोवर्धनपुर पुलिस चौकी में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब तीन दिन से लापता युवती की बरामदगी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण चौकी पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। गोवर्धनपुर गांव के ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी का अपहरण किया गया है। इस मामले में तीन दिन पहले पुलिस को तहरीर भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
परिजनों का कहना है कि युवती की लोकेशन उत्तर प्रदेश के एक गांव में मिली थी, इसके बावजूद पुलिस उसे बरामद करने में सफल नहीं हो सकी। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने चौकी पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द युवती की सकुशल बरामदगी की मांग उठाई।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी स्वयं गोवर्धनपुर चौकी पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवती की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।









