पंजाब से खरीदे एक लाख रुपए के नकली नोट, हरिद्वार में बरामद
हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने चार को पकड़ा, एक और गिरोह का हुआ पर्दाफाश
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि चौहान) हरिद्वार। हरिद्वार नगर कोतवाली को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब क्षेत्र अंतर्गत चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान नकली नोटो के साथ चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने अवांछित गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर संदिग्ध तत्वों पर नजर रखने के लिए जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाए जाने को लेकर थाना प्रभारीयों को सख्त निर्देश दिए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बिलेश्वर तिराहे से टीबड़ी की ओर संदिग्ध लग रहे चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो पुलिस के होश उड़ गए। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व श्यामपुर थाना पुलिस ने नकली नोटों को लेकर एक बड़ा खुलासा भी किया था।
वही इस बाबत पर नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन राणा ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर लगातार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। उन्होंने बताया कि रविवार की रात को संदिग्ध लगने पर चार व्यक्तियों की चेकिंग की गई तो उनके पास से 500-500 रुपए के कुल 169 नकली नोट बरामद हुए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्त में आए चारों आरोपियों ने गुरदासपुर पंजाब के ही रहने वाले एक व्यक्ति से कुछ दिन पहले सस्ते दामों पर बीस हजार रुपये देकर 500-500 रुपये के 200 नकली नोट खरीदे थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी नकली नोट को असल रुप में इस्तेमाल करने के लिए हरिद्वार लाये थे। इनके द्वारा बीते रोज भी बाजारों में कुछ नकली नोटों को चलाकर खरीदारी की गयी थी।
उन्होंने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर प्रकाश में आए सप्लायर की गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। चारों आरोपी सरजीत, टिंकू, सुमित और संजीव एक ही गांव से रहने वाले है। पकड़े गए आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।









