हरिद्वार विकास समिति ने कुंभ मेलाधिकारी को सौंपा सुझाव पत्र
स्थानीय युवाओं और व्यापारियों को प्राथमिकता देने की मांग: रवि बाबू शर्मा
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार विकास समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने समिति अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा के नेतृत्व में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर विभिन्न सुझावों एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान समिति के सदस्यों ने मेलाधिकारी का गंगाजली एवं रुद्राक्ष की माला भेंट कर स्वागत किया तथा आगामी कुंभ मेले के दिव्य, भव्य और निर्विघ्न आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं है। समिति अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि आगामी कुंभ मेले की व्यवस्थाओं में हरिद्वार के स्थानीय युवाओं को स्वयंसेवक के रूप में शामिल किया जाए तथा उन्हें उचित मासिक मानदेय भी दिया जाए। उनका कहना है कि इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय सहभागिता भी बढ़ेगी। इसके अलावा समिति ने मांग उठाई है कि मेला प्रशासन द्वारा मेले में आवंटित किए जाने वाले स्टॉलों में हरिद्वार के पुराने व्यापारियों एवं वेंडरों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि स्थानीय व्यवसायियों को भी मेले का लाभ मिल सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति ने मेला प्रशासन से एक विशेष मोबाइल ऐप लॉन्च करने का सुझाव दिया। इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को रूट मैप, पार्किंग की उपलब्धता, स्नान घाटों की जानकारी तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की सटीक एवं त्वरित जानकारी मिल सकेगी। समिति ने ज्ञापन में अन्य महत्वपूर्ण सुझाव भी शामिल किए। सभी सुझावों को सुनने के बाद कुंभ मेलाधिकारी सोनिका ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा जो सुझाव व्यवहारिक और क्रियान्वयन योग्य होंगे, उन्हें संबंधित बैठकों में शामिल कर अमल में लाने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में समिति अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा के अलावा राघव मित्तल, जतिन सोढ़ी, मोहित गर्ग, मोहित गौड़ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









