हरिद्वार

पुलिस का छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र, हरिद्वार में छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव तथा अपर पुलिस अधीक्षक सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र अनुषा बडोला सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में ए.पी. अंशुमन ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है, जिसकी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित एवं दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीकों के उपयोग, जनसंपर्क, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा सहायता संबंधी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश देवली एवं सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल सहित अनुभवी विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा कर प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। अपर पुलिस महानिदेशक ने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे पूरे समर्पण और गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा कुंभ मेला-2027 के दौरान सीखी गई तकनीकों और व्यवस्थाओं का प्रभावी उपयोग कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर सभी पुलिस अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button