हरिद्वार

युवा शक्ति संवाद में युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया मंत्र, पप्पू यादव के प्रदर्शन पर भी बरसे सीएम धामी

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को उत्तराखंड के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। गुरुकुल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है और सरकार उन्हें हर संभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता रही है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता आई है और बिना पर्ची, बिना खर्ची के अब तक 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि यह कानून प्रदेश के लाखों युवाओं के विश्वास को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम साबित हुआ है। सीएम धामी ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। कौशल विकास, स्टार्टअप, पर्यटन, होमस्टे और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव के साधु वेश में किए गए प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा, साधु-संतों की गरिमा और धार्मिक वेशभूषा का राजनीतिक मंचों पर इस्तेमाल करना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था और धार्मिक प्रतीकों का सम्मान सभी की जिम्मेदारी है तथा राजनीतिक लाभ के लिए सनातन परंपरा को बदनाम करने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Back to top button