हरिद्वार

शिवभक्तों के स्वास्थ्य की सुरक्षा में जुटा स्वास्थ्य विभाग, 32 शिविरों में मिल रहा नि:शुल्क उपचार

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। पवित्र कांवड़ यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से हरिद्वार पहुंच रहे शिवभक्तों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में स्वास्थ्य खराब होने अथवा यात्रा के दौरान चोट लगने पर शिवभक्तों को तत्काल निशुल्क चिकित्सा उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दसवें दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचे 30,610 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 1,61,635 शिवभक्तों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पहली बार 05 मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। इन मोबाइल यूनिट के माध्यम से आवश्यकता वाले स्थानों पर पहुंचकर शिवभक्तों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, समय-समय पर विश्राम करें और तेज धूप एवं अत्यधिक थकान से बचें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस होने पर स्वयं उपचार करने के बजाय निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button