हरिद्वार

आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में पं० दीनदयाल उपाध्याय की जयंती धूमधाम से मनाई

गगन शर्मा सह सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। विचार से विकास की ओर कार्यक्रम में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज बहादुरपुर जट मे भारत के महान चिंतक, राष्ट्रवादी विचारक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष में मेरा युवा भारत के तत्वावधान में विचार से विकास की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर एवं पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपने विचारों से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के उपरांत विजेता छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक महान विचारक, लेखक और एकात्म मानववाद जैसे कालजयी दर्शन के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने हमेशा अंत्योदय की बात की, यानी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान। उनका जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। आज जब हम युवा पीढ़ी को देखते हैं, तो हमें पंडित जी के विचारों को उन तक पहुंचाना होगा, ताकि वे केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण करने वाले नागरिक बनें। इसी उद्देश्य से आज विचार से विकास की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। आज उनकी जयंती पर हम उन्हें शत-शत नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगण विकास यादव, सतीश शास्त्री, अजय कुमार, सुदेश चौहान, अरुणा यादव, वीर सिंह, पूजा जोशी, अनुज सैनी सहित समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button