श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था के छठे वर्ष ताड़का वध की लीला में उमड़ा रामभक्तों का जनसैलाब
दर्शकों की भीड़ ने बनाया नया रिकॉर्ड, दर्शकों के उत्साह और भारी भीड़ ने यादगार बनाया आयोजन
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(हरिद्वार। श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि० हरिद्वार में रामलीला के छठे वर्ष ताड़का वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। लीला देखने के लिए रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं, छोटे बच्चों और मातृशक्ति की बड़ी संख्या ने आयोजन को विशेष बना दिया। बच्चों के साथ रामलीला देखने पहुंची मातृशक्ति की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। दर्शकों के उत्साह और भारी भीड़ ने आयोजन को यादगार बना दिया।
ताड़का के भयानक रूप में मंच पर प्रवेश करते ही पूरा पंडाल रोमांचित हो उठा। ताड़का के पात्र में कृष्ण चंचल ने अपने जीवंत मेकअप और शानदार अभिनय से रामभक्तों के मन में अपनी अमिट छाप छोड़ी। वहीं ताड़का की शक्ति के रूप में शिवम वर्मा और चिराग मनोचा ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों ने अपने सुंदर, सजीव और प्रभावशाली अभिनय से सभी रामभक्तों का मन मोह लिया। वहीं कृष्ण के पात्र में शहीद और शुभम पांडेय ने शानदार अभिनय प्रस्तुत किया, जिससे दर्शकों की निगाहें मंच से नहीं हटीं। राजा दशरथ के पात्र में रामलीला के निर्देशक अंकित तिवारी ने अपने अभिनय कौशल और कलात्मक प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामलीला में छोटे बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। उनके अभिनय को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन के दौरान रामभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। परिवारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था की पूरी टीम ने पूर्ण समर्पण, मेहनत और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। मंचन से लेकर व्यवस्थाओं तक सभी सदस्यों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था के सचिव एवं जिला उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा, हरिद्वार भोला शर्मा ने संस्था की ओर से समस्त रामभक्तों, मातृशक्ति, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस बड़ी संख्या में रामभक्त परिवार सहित रामलीला देखने पहुंचे, वह संस्था के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि दर्शकों का अपार प्रेम, सहयोग और आशीर्वाद ही संस्था की सबसे बड़ी ताकत है। छोटे बच्चों और मातृशक्ति की इतनी बड़ी भागीदारी से यह स्पष्ट होता है कि भगवान श्रीराम की लीलाओं के प्रति समाज में गहरी आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव आज भी कायम है। उन्होंने सभी कलाकारों, पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगियों और व्यवस्थाओं में जुटे कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया, जिनके अथक प्रयासों से रामलीला का मंचन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि०, हरिद्वार का उद्देश्य केवल रामलीला का मंचन करना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, धर्म और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। रामलीला हमारी आस्था, संस्कृति और संस्कारों का जीवंत स्वरूप है, जो समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करती है।
संस्था भविष्य में भी सभी रामभक्तों के सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद से इसी प्रकार भव्य एवं प्रेरणादायी रामलीला का आयोजन करती रहेगी। संस्था की पूरी टीम सभी रामभक्तों के प्रति पुनः हृदय से आभार व्यक्त करती है और विश्वास दिलाती है कि धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।









