सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर विवाद, युवक पर तमंचे से फायरिंग, कनखल पुलिस ने तीन आरोपी पकड़े
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला तमंचे से फायरिंग तक पहुंच गया। कनखल कोतवाली क्षेत्र के सतीघाट पर 27 अक्टूबर की रात हुई इस घटना में युवक पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बाल-बाल बच गया। मामले में कनखल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि फरार मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने शिकायतकर्ता के पुत्र के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। घटना के संबंध में शिकायत मिलने पर कोतवाली कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान आर्यन राजपूत पुत्र रूपचन्द्र, निवासी लोधामंडी, राजघाट, कनखल; गौतम सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी बैरागी कैंप, कनखल; तथा मनीष कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र तथा कांस्टेबल प्रलव चौहान और सुनील कुमार शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।









