चोरी की घटना को अंजाम देने को रेकी करने आये बदमाशो व पुलिस में मुठभेड़, दोनो बदमाश घायल
हरिद्वार के दोनों बदमाशों ने पूछताछ में खोला राज, गैंगस्टर सहित कई आपराधिक घटनाओं के मुकदमे है दर्ज
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। पटेलनगर व विकासनगर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अभियुक्तो के फिर से पटेलनगर में रेकी करने आने की सूचना पर पटेलनगर पुलिस द्वारा कल देर रात नयागांव में बिछाए चेकिंग के पहरे में देर रात एक बाइक सवार 2 बदमाश फंस गए। पुलिस व बाइक सवार दो बदमाशों के बीच बुडपुर में मुठभेड़ हो गयी।बदमाशो ने पुलिस टीम पर की फायरिंग की जवाबी कार्यवाही में दोनों बदमाशो के पैरों में गोली लगी है। कोतवाली प्रभारी पटेलनगर की गाड़ी भी बदमाशो की गोली से क्षतिग्रस्त हुई है। बदमाश कुख्यात गैंगस्टर है, जिनके खिलाफ हरिद्वार, देहरादून के कई थानों में मुकदमे दर्ज है व वे हरिद्वार जेल भी जा चुके है। अभियुक्त कल रात भी शहर में नकबजनी की घटना को अंजाम देने आए थे।
एसपी सिटी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि
पटेलनगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई की पिछले दिनों से पटेलनगर तथा विकासनगर क्षेत्र में चोरी व नकबजनी की घटनाओं में शामिल अभियुक्त है वह पुनः किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में देहरादून आए हैं, और वह अलग-अलग स्थानों पर घूम कर बंद घरों की रेकी कर रहे हैं। उक्त इनपुट मिलते ही पटेलनगर पुलिस द्वारा पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा नया गांव क्षेत्र में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास सिंहनीवाला की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार बदमाश पुलिस टीम को चैकिंग करता देख बाइक को तेजी से भगाते हुए चौकी नयागांव की ओर भाग गए। जिस पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्धता महसूस होते ही कंट्रोल रूम के माध्यम से संदिग्ध बाइक सवार व्यक्तियों की तलाश हेतु जनपद के अन्य थानों को सूचित करते हुए उनका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आते देख दोनों बाइक सवार भुड़पुर की ओर भाग निकले। पुलिस टीम को अपने पीछे आते देख बाइक सवार बदमाशो ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पुलिस की गाड़ी के फ्रंट का लेफ्ट साइड का कांच में गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर गिरने से दोनों बदमाश मोटरसाइकिल को छोड़कर जंगल की ओर भाग गये, जिनका पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर दोनों बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर पुनः फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा भी बदमाशों का पीछा करते हुए उनके द्वारा की गई फायरिंग की जवाबी कार्यवाही मे फायर की गईं। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में दोनो बदमाशो के पैर में गोली लगी।
एसपी सिटी ने बताया कि घायल बदमाशो की पहचान समीम(35) पुत्र इलियास निवासी मदरसे के पास बड़ी मस्जिद रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार, तथा शहजाद(40) पुत्र इकलाख निवासी पम्पे के सामने कब्रिस्तान के पास रामपुर, रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई। मौके से पुलिस टीम को अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर के 2 तमंचे, 04 जिंदा कारतूस, 06 खोखा कारतूस व 01 फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाशो को कोतवाली प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौड़ व उनकी टीम द्वारा मौके से ही गिरफ्तार कर उनको ईलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया।
अभियुक्तो से पूछताछ में उनके द्वारा आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में देहरादून आना तथा पटेल नगर व उसके आस पास के क्षेत्र में घूमते हुए बंद घरों की रेकी करना बताया गया।
वहीं मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर सुयाल व सीओ सदर अंकित कंडारी घटना में तुरंत बाद ही तड़के सुबह घटनास्थल पहुँचे व पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद दोनों अधिकारी अस्पताल भी पहुँचे थे जहां उनके द्वारा घायल बदमाशो का हाल चाल जाना व चिकित्सको से बातचीत की। एफएसएल की टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किये गए है।
पुलिस टीम पर किए गए जानलेवा हमले के संबंध में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली पटेल नगर पर मु०अ०सं०- 827/26 धारा 109(1)बीएनएस व 25(1- बी)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि अभियुक्तो ने पूछताछ में बताया है कि उनके द्वारा पूर्व में पटेलनगर तथा विकासनगर क्षेत्र में शाम के समय बंद घरों की रेकी कर कई चोरी/नकबजनी की घटनाओं का अंजाम दिया गया था। उक्त घटनाओं में मिले माल को उनके द्वारा हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दिया था। आज भी दोनों अभियुक्त आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हरिद्वार से देहरादून आए थे व पटेल नगर व उसके आसपास के क्षेत्र में घूम कर बंद घरों की रेकी कर रहे थे। जिस बीच मुठभेड़ हो गयी।
पुलिस से बचने के लिए अभियुक्तो द्वारा अपनी मोटरसाइकिल में टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गयी थी। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुके हैं, जिनके विरुद्ध हरिद्वार तथा देहरादून में गैंगस्टर सहित कई आपराधिक घटनाओं के दर्जनों अभियोग पंजीकृत है। समीम पर 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज है व शहजाद के खिलाफ 9 आपराधिक मुकदमें दर्ज है।









