SSC परीक्षा में हाईटेक नकल कराने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, STF ने दिल्ली से दबोचा
हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोहों पर STF पैनी नजर, पूर्व में 07 जा चुके है जेल

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) देहरादून। उत्तराखंड की एसटीएफ को एक ओर बड़ी सफलता हाथ लगी है। SSC परीक्षा में हाईटेक नकल कराने वाले गिरोह का एक और सदस्य को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देश पर टीमें गठित कर प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल करवाने वाले गिरोहों के विरुद्ध लगातार बड़ी कार्यवाही की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था, जो परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के संपर्क में था।
उत्तराखंड एसटीएफ यानी स्पेशल टास्क फोर्स के मुताबिक, बीती 14 फरवरी 2026 को इस मामले में देहरादून नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें परीक्षा केंद्र के सर्वर रूम/अंडरग्राउंड चैंबर में छिपे हुए लैपटॉप, राउटर और फर्जी आईपी एड्रेस (Proxy Server) के जरिए कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस लेकर बाहर से पेपर हल कराया जाता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह का कहना है कि अंकित कुमार पर परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के आईडी कार्ड जांचने और नकल जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी थी, लेकिन अंकित ने वहां लगे कंप्यूटरों को रिमोटली एक्सेस करने के लिए जरूरी आईपी संबंधी जानकारी नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को भेजी थी।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार निवासी मुगलसराय, चंदौली (उत्तर प्रदेश) की भूमिका का पता लगाया। उन्होंने कहा कि अंकित कुमार नवंबर 2025 में एसएससी की टियर 1 मल्टीटास्किंग स्टाफ और क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में कथित नकल के संबंध में देहरादून कोतवाली में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी वांछित चल रहा था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।









