देहरादून

ऋषिकेश में आधी रात खूनी संघर्ष: जान से मारने की नीयत से युवक पर हमला, चार नामजद समेत पांच पर केस

राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। ऋषिकेश। दीपावली पार्टी से लौट रहे युवक और उसके साथियों पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक को गंभीर एवं अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तिलक रोड निवासी कृष्ण डुडेजा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि नौ नवंबर की सुबह करीब 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ दीपावली पार्टी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास शिवांश गुप्ता और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में कृष्ण डुडेजा को गंभीर एवं अंदरूनी चोटें आईं। आरोपियों ने घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राप्त तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा पंजीकृत किया है।

पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की है। विवेचना के दौरान घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button