रानीपुर पुलिस की शराब तस्कर पर कार्रवाई, 42 पव्वे देशी शराब बरामद
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए 42 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी करने वालों के विरुद्ध लगातार छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने डीपीएस स्कूल के पीछे सुभाषनगर जाने वाले कच्चे रास्ते पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर (26 वर्ष) पुत्र मुकेश कुमार, निवासी एल-32, अंबेडकर नगर, टिबड़ी, रानीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से किन्नू मार्का देशी शराब के कुल 42 टेट्रा पैक बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 420/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल सर्वजीत सिंह, कांस्टेबल अजीतराज मौजूद रहे।









