एडमिन रोड, बॉक्स कलवर्ट और निर्माणाधीन घाटों का लिया जायजा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने रविवार देर सायं हरिद्वार भ्रमण के दौरान कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सबसे पहले एडमिन रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। इसके बाद चंडी चौक के समीप निर्माणाधीन बॉक्स कलवर्ट पुल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से एडमिन रोड और इससे जुड़े निर्माण कार्य बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधन और श्रमशक्ति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच और निर्धारित तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंडलायुक्त ने अमरापुर घाट एवं साक्षी सतनाम घाट के निकट निर्माणाधीन नए घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से घाट निर्माण की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घाटों का निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि कुंभ मेला-2027 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मंडलायुक्त ने गंग नहर की क्लोजिंग अवधि के दौरान प्रस्तावित निर्माण एवं अन्य कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्लोजिंग अवधि का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां अभी से पूरी कर ली जाएं। आवश्यक सामग्री, संसाधन और श्रमशक्ति की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि क्लोजिंग के दौरान कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य करें। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थलीय निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति के दौरान यदि किसी स्तर पर समन्वय अथवा अन्य कोई समस्या सामने आती है तो उसका समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी परियोजनाओं को समय से पूरा कर उनका लाभ कुंभ मेले के दौरान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डी.पी. सिंह, अधिशासी अभियंता पीआईयू प्रवीण कुश, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनुभव नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









