बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का बागेश्वर पुलिस ने किया खुलासा, भतीजा गिरफ्तार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। गरुड़ के नरग्वाड़ी गांव में बुजुर्ग दंपति की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या करने के मामले में बैजनाथ पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर की रात करीब 8:30 बजे डायल 112 पर नरग्वाड़ी निवासी निखिल खोलिया ने गांव में पूरन चंद्र खोलिया के घर झगड़ा होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि गोविंद बल्लभ खोलिया (52) ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (70) और चाची भगवती देवी (62) पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दोनों के सिर और शरीर से काफी खून बह रहा था। पुलिस ग्रामीणों की मदद से घायलों को अपने वाहन से सीएचसी बैजनाथ ले गई, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी बागेश्वर को मौके पर भेजा गया। अल्मोड़ा की फॉरेंसिक टीम और बागेश्वर फॉरेंसिक यूनिट ने घटनास्थल का वैज्ञानिक एवं डिजिटल तरीके से निरीक्षण किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
मृतक दंपति की बहू दर्शानी देवी की तहरीर पर आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया के खिलाफ कोतवाली बैजनाथ में मुकदमा संख्या 29/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 117(2), 333 और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। सोमवार, 2 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास से संबंधित एक मुकदमा भी दर्ज है। आरोपी को बरामद हथियार के साथ न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी, थानाध्यक्ष कौसानी कैलाश सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष कपकोट प्रताप सिंह नगरकोटी, थानाध्यक्ष झिरौली मनोहर चंद, उपनिरीक्षक उमेश रजवार और उपनिरीक्षक विनीता बिष्ट।









