हरिद्वार

हरकी पैड़ी से धोबी घाट तक चला गंगा स्वच्छता अभियान, दो संस्थाओं ने दिया स्वच्छता एवं जनसेवा का संदेश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को लेकर सोमवार को हरिद्वार में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। हरिद्वार प्रशासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सेवानिवृत्त पुलिस-परिवारजन कल्याण जनसमिति, जनपद हरिद्वार एवं शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी ने संयुक्त रूप से हरकी पैड़ी से नीचे धोबी घाट स्थित विभिन्न गंगा घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाकर जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। अभियान का आयोजन 02 नवंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से 11:30 बजे तक किया गया। इस अभियान को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला मलेरिया अधिकारी (DMO) सुश्री मीरा रावत तथा नगर निगम के प्रभारी डॉ. पवन कार्की के मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रेरणा से संपन्न किया गया। अभियान के दौरान गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित कर सफाई की गई। दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रमदान करते हुए घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दिया। विशेष बात यह रही कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान सीखे अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी कायम रखते हुए पूरी निष्ठा के साथ सहभागिता की। सेवानिवृत्त पुलिस-परिवारजन कल्याण जनसमिति की ओर से समिति के सचिव चेतन बहुगुणा, संरक्षक जे.पी. जुयाल, उपाध्यक्ष सोहन लाल जुयाल, कोषाध्यक्ष जयकृत भंडारी, सुरेश कुमार, सत्यप्रकाश सहित समिति के अन्य सदस्यों ने अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं शिव शक्ति वेलनेस फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से अध्यक्षा श्रीमती शिप्रा गुप्ता, उपाध्यक्ष भूपेश चंद्र पांडेय, सह सचिव जितेंद्र परमार, वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सेवानिवृत्त श्रीमती रेणुका श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रबंधक विनय श्रीवास्तव (पीएनबी बैंक, रानीपुर, बीएचईएल, हरिद्वार), श्रीमती नीतू धीमान, श्रीमती अनिता कर्णवाल, श्रीमती मनीषा गुप्ता, मनोज सैनी, आलोक सहित अन्य सक्रिय सदस्यों ने उत्साह और समर्पण के साथ श्रमदान किया। इस अवसर पर दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने कहा कि माँ गंगा की स्वच्छता और निर्मलता केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। इसलिए उनकी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। अभियान में शामिल सभी सदस्यों ने भविष्य में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया। साथ ही समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। दोनों संस्थाओं ने इस पुनीत कार्य में मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग प्रदान करने वाले हरिद्वार प्रशासन, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। माँ गंगा की सेवा ही समाज की सेवा है। दोनों संस्थाओं का यह संयुक्त प्रयास न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सामाजिक संस्थाएं और नागरिक मिलकर प्रशासन के सहयोग से जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button