हरिद्वार

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 78 खाद्य पदार्थों की जांच में 13 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपदभर में विशेष अभियान तेज कर दिया है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए मिठाई निर्माण इकाइयों, दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार महिमानंद जोशी द्वारा विभागीय टीमों का गठन किया गया है। टीमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्र कर रही हैं। विशेष अभियान के तहत 02 नवंबर से 06 नवंबर 2026 तक मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला (FSW) को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है। उपायुक्त लैब बीरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेन्द्र पाण्डेय की टीम ने सुल्तानपुर और लक्सर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों तथा दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मिठाइयों के सात नमूने मौके पर जांच के लिए लिए गए। लक्सर स्थित आजाद स्वीट्स और खाटू श्याम स्वीट्स के निर्माण कक्षों में गंदगी मिलने तथा खुली मिठाइयों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने पर नोटिस जारी किए गए। वहीं लक्ष्मी स्वीट्स को भी आवश्यक तिथियां अंकित नहीं पाए जाने पर नोटिस दिया गया। मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला द्वारा मिठाइयों, मसालों, तेल, दूध और दुग्ध उत्पादों समेत कुल 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। इनमें से 13 खाद्य उत्पादों के नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें मौके से हटवाया गया। साथ ही खाटू श्याम स्वीट्स से खराब हो चुकी करीब पांच किलोग्राम मिठाइयों को भी हटवाया गया। उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में एक अन्य टीम ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। दक्ष रोड और झंडा चौक, कनखल स्थित खन्ना स्वीट हाउस से मिठाई निर्माण में प्रयोग किए जा रहे चांदी के वर्क का नमूना जांच के लिए लिया गया। मिठाइयों पर निर्माण तिथि और यूज बाई डेट अंकित नहीं मिलने पर प्रतिष्ठान स्वामी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त शर्मा दुग्ध भंडार से खोया तथा कनखल स्थित वृजवासी स्वीट्स से छैना का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने जनपद में कुल 10 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button