हरिद्वार

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, बदबूदार पनीर और खुले मसाले किए नष्ट

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया गया। उनके नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की टीम ने सुभाष घाट, कुशावर्त घाट, दीनदयाल पार्किंग, दिल्ली नेशनल हाईवे तथा रावली महदूद स्थित ढाबों, कैंटीनों, होटलों और डेयरियों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 10 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा प्रयोगशाला परीक्षण के लिए 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें पनीर, खुले मसाले, तैयार खाद्य पदार्थ, राजमा साबुत और बेकरी उत्पाद शामिल हैं। निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का भंडारण, बासी एवं सड़े-गले खाद्य पदार्थों का उपयोग, बाहरी अखाद्य पदार्थों की मिलावट तथा आवश्यक दस्तावेज एवं फूड लाइसेंस न मिलने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत 9 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर दो ढाबों से करीब 4 किलो बदबूदार खुला पनीर और एक ढाबे से 12 किलो खुले मसाले नष्ट कराए। साथ ही सभी खाद्य विक्रेताओं को अपने प्रतिष्ठानों पर फूड लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए, जिन पर विभागीय टोल फ्री नंबर भी अंकित रहेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button