बागेश्वर

साप्ताहिक परेड में दिखा अनुशासन और तत्परता का दम

एसपी जितेन्द्र मेहरा ने जवानों को दिया आपदा प्रबंधन व सीपीआर प्रशिक्षण का संदेश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) बागेश्वर। पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और मानसिक सतर्कता बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लाइन बागेश्वर में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के नेतृत्व में आयोजित इस परेड में पुलिस जवानों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया।

परेड के दौरान जवानों को ड्रिल एवं स्क्वाड ड्रिल का कठोर अभ्यास कराया गया, जिससे उनकी कार्यकुशलता और सामूहिक समन्वय को और अधिक मजबूत किया जा सके। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने लगातार बढ़ते तापमान और वनाग्नि की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस बल को विशेष दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने जवानों से कहा कि जंगलों में आग लगने की घटनाएं केवल पर्यावरण ही नहीं बल्कि जनजीवन और वन्य संपदा के लिए भी बड़ा खतरा हैं। ऐसे में पुलिस को स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर सतर्कता से कार्य करना होगा तथा आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करनी होगी।

इस अवसर पर प्रभारी पुलिस लाइन उप निरीक्षक चंदन भंडारी द्वारा जवानों को आपदा प्रबंधन उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रयोग होने वाली विभिन्न प्रकार की रस्सी गांठों के बारे में बताया गया तथा कठिन परिस्थितियों में बचाव कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के तरीके समझाए गए। इसके साथ ही घायल व्यक्तियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सीपीआर (CPR) तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी जवानों को दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि दुर्घटना अथवा आपातकालीन स्थिति में समय रहते सही तरीके से सीपीआर देने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। जवानों ने इस प्रशिक्षण में गंभीरता और उत्साह के साथ भाग लिया। साप्ताहिक परेड और प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं।

इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय शाह, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक, विभिन्न थानों एवं शाखाओं के प्रभारी सहित पुलिस लाइन के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने कहा कि पुलिस बल को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए। वर्तमान समय में वनाग्नि, प्राकृतिक आपदाएं और सड़क दुर्घटनाएं बड़ी चुनौतियां बनकर सामने आ रही हैं। ऐसे में जवानों को शारीरिक रूप से फिट होने के साथ-साथ तकनीकी और आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण देना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीपीआर और रेस्क्यू प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।

Related Articles

Back to top button