साइकिल से जनसुनवाई पर पहुंचे सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, दिया ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र अपने आवास से जिला कार्यालय रोशनाबाद तक साइकिल चलाकर जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे। उनकी इस पहल ने न केवल अधिकारियों और कर्मचारियों बल्कि आम जनमानस को भी सकारात्मक संदेश दिया। डॉ. मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित समय-समय पर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश देते रहे हैं। उसी क्रम में उन्होंने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए साइकिल से कार्यालय पहुंचने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत के बीच अब समय आ गया है कि हर व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि जिनका आवास कार्यालय के निकट है, वह साइकिल अथवा पैदल कार्यालय आने का प्रयास करें। इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक सोच विकसित करती है और अन्य लोगों को भी प्रेरित करती है। उन्होंने जनपदवासियों से भी आग्रह किया कि छोटी दूरी के कार्यों के लिए वाहनों का कम उपयोग करें और पैदल चलने या साइकिल अपनाने की आदत डालें। इससे वायु प्रदूषण कम होगा और लोगों की जीवनशैली भी अधिक स्वस्थ बनेगी। डॉ. ललित नारायण मिश्र की यह पहल प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक जागरूकता का भी उदाहरण बनकर सामने आई है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश देती है।









