जनता की समस्याओं पर डीएम मयूर दीक्षित सख्त, जनसुनवाई में लंबित मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश दिए। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 72 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 38 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई हेतु भेजा गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, जलभराव, अतिक्रमण, पेयजल, सड़क क्षति, प्रदूषण और राशन कार्ड जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठीं। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने ग्राम सभा भूमि पर फैले कूड़े, धूल प्रदूषण, क्षतिग्रस्त सड़क, भूमि पैमाइश और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का बार-बार दोहराव हो रहा है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने 36 दिनों से अधिक लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 557 और एल-2 स्तर पर 134 शिकायतें लंबित पाई गईं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









