हरिद्वार

डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कहा—समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें मरम्मत कार्य

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपदवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सभी सड़क मार्गों को गड्ढामुक्त करने की कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सीसीआर सभागार, हरिद्वार में आगामी 15 सितंबर से प्रस्तावित विशेष अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर निगम, नगर पालिकाओं सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी मुख्य मार्गों, संपर्क मार्गों और ग्रामीण सड़कों का तत्काल सर्वेक्षण कर गड्ढों को चिन्हित किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होना चाहिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार सड़क मरम्मत कार्यों की अब तक की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आगामी 15 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान की तैयारियों की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि विभाग अभियान की निर्धारित तिथि का इंतजार न करें, बल्कि तत्काल प्रभाव से सड़क मरम्मत का कार्य शुरू करें। वर्षा के कारण जिन सड़कों को अधिक नुकसान पहुंचा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी के साथ प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। सड़क मरम्मत से जुड़ी शिकायतों पर भी तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में सड़क मरम्मत से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान दोबारा सड़क क्षतिग्रस्त न हो और मरम्मत कार्य टिकाऊ साबित हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी विभाग अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें। बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डी.पी. सिंह, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल, उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button