
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था रजि हरिद्वार की छठे वर्ष की रामलीला का शुभारंभ गुरुवार को भक्तिमय माहौल के बीच हुआ। रामलीला के पहले दिन नारद मोह प्रसंग का मंचन किया गया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। मंचन के दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और जय श्री राम के जयघोष से गूंजता रहा।रामलीला के उद्घाटन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरिद्वार अभिनव चौहान ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष देव भट्टी, जिला मंत्री शशांक चौहान, वार्ड संख्या 11 के पार्षद दीपक शर्मा और वार्ड संख्या 10 के पार्षद सचिन कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रामलीला निर्देशक अंकित तिवारी ने बताया कि पहले दिन प्रस्तुत नारद मोह की लीला में विभिन्न कलाकारों ने प्रमुख पात्रों की भूमिका निभाई। भोला का किरदार भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा ने निभाया, जबकि पार्वती की भूमिका विकास शर्मा ने अदा की। कामदेव के रूप में श्लोक कुर्ल, नारद के किरदार में अमित शर्मा, इंद्र की भूमिका में कृष्ण चंचल और बृहस्पति देव के पात्र में अंबर गोयल नजर आए।
मंच संचालन की जिम्मेदारी राजू मनोचा और चंद्रशेखर कुर्ल ने संभाली। कलाकारों ने नारद मोह के प्रसंग के माध्यम से भक्ति, अहंकार और मोह के बीच के संबंध को मंच पर जीवंत किया। संवाद, अभिनय और मंच प्रस्तुति को दर्शकों की ओर से खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम में अमित बोरी, अतुल जुनेजा, सचिन बेदी सहित रामलीला संस्था से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी रामलीला का आनंद लिया।संस्था के छठे वर्ष के आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। रामलीला के आगामी मंचनों में भी धार्मिक प्रसंगों को कलाकारों द्वारा मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।









