हरिद्वार

शिवडेल स्कूल भेल में धूमधाम से संपन्न हुआ अलंकरण समारोह

रजत चौहान प्रधान सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। शिवडेल स्कूल भेल सेक्टर-1 में सोमवार की अलंकरण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा-भावना का विकास करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन स्वामी शरद पुरी, प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव, समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को उनके पदों की शपथ दिलाई गई तथा बैज प्रदान कर उन्हें औपचारिक रूप से दायित्व सौंपे गए। हेड बॉय–उज्जवल चौहान, हेड गर्ल–नेहा कुमारी, चारों हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन तथा अन्य पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
समारोह में विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने नव-नियुक्त छात्र नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, विनम्रता और उदाहरण प्रस्तुत करने की भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर चेयरमैन स्वामी शरद पुरी जी ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और टीम भावना को विकसित करते हैं। नव-नियुक्त छात्र परिषद ने विद्यालय के नियमों का पालन करने, सहपाठियों का मार्गदर्शन करने और विद्यालय की प्रगति में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सशक्त किया।

Related Articles

Back to top button